1
रायगढ़। भ्रष्टाचार निरोधक ब्यूरो ने मंगलवार को छत्तीसगढ़ के रायगढ़ जिले में राष्ट्रीय ताप विद्युत निगम (एनटीपीसी) के एक अधिकारी को रिश्वत लेते गिरफ्तार किया।
एसीबी के एएसपी चंद्रेश ठाकुर ने बताया कि आरोपी की पहचान विजय दुबे के रूप में हुई है। दुबे जिले के रायकेरा-घरघोड़ा स्थित एनटीपीसी कार्यालय में उप महाप्रबंधक के पद पर तैनात थे।
दुबे ने शिकायतकर्ता से तिलाईपाली गांव में उसके घर और ज़मीन को बिजली उत्पादन कंपनी द्वारा अधिग्रहित करने के बाद शेष 16 लाख रुपये की मुआवज़ा राशि जारी करने के लिए 5 लाख रुपये मांगे थे। दुबे पहले ही शिकायतकर्ता से 50,000 रुपये ले चुका था।
शिकायत मिलने पर, एसीबी के अधिकारियों ने जाल बिछाया और दुबे को एक पेट्रोल पंप के पास रिश्वत लेते हुए रंगे हाथों पकड़ लिया।