1
रायपुर। रायपुर में मंगलवार को आठ और हेरोइन तस्करों की गिरफ्तारी के साथ, छत्तीसगढ़ पुलिस ने सीमा पार से मादक पदार्थों की तस्करी के सिलसिले में 19 लोगों को गिरफ्तार किया है।
पुलिस ने बताया कि मादक पदार्थ स्थानीय वितरण के लिए पाकिस्तान से पंजाब के रास्ते लाए गए थे।
रायपुर के वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक लाल उमेद सिंह ने बताया कि गिरफ्तार किए गए लोगों में मुजम्मिल खान, छत्रपति अंभोरे, ऋतुराज ठाकुर, हुसैन खान उर्फ मुर्गी, मोहम्मद फोरत अब्बास, शिशिर राय, संतोष धनवानी और सैयद आसिफ अली शामिल हैं। ये सभी रायपुर शहर के रहने वाले हैं।
ये सभी हेरोइन के स्थानीय वितरण में शामिल थे।
बीते 3 अगस्त को रायपुर के एक रिहायशी मकान से पंजाब स्थित मुख्य ड्रग सप्लायर लवजीत सिंह उर्फ बंटी, एक स्थानीय सप्लायर और स्थानीय नेटवर्क से जुड़े सात ड्रग तस्करों को गिरफ्तार किया गया। इस दौरान एक करोड़ रुपये मूल्य की 412.87 ग्राम हेरोइन जब्त की गई।
मामले में गिरफ्तार आरोपियों के बयानों के आधार पर दो और लोगों को गिरफ्तार किया गया।
गिरफ्तारी के बाद, बंटी ने पुलिस को बताया कि वह स्थानीय वितरण के लिए पाकिस्तान से पंजाब के रास्ते यह खेप लाया था।
पुलिस जाँच में पता चला कि बंटी करोड़ों रुपये के लेनदेन के लिए कई अंतरराष्ट्रीय वर्चुअल मोबाइल नंबरों के साथ-साथ कई बैंक खातों का भी इस्तेमाल कर रहा था।
इस मामले की जाँच जारी है।